
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र की नादिर कॉलोनी में पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई नवदुनिया में रविवार को प्रकाशित खबर - मुख्यमंत्री आवास के सुरक्षा घेरे की ही निगरानी नहीं, 500 मीटर दायरे में महज दो कैमरे चालू - के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों के बाद तेजी से की गई।
यह घटना 18 सितंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। नादिर कॉलोनी के गेट पर तैनात गार्ड ने बाल भवन स्कूल के पास स्थित कॉलोनी में जाने से रोका, तो सफेद रंग की कार में सवार युवकों ने नाराजगी जताई।
आरोपियों ने हथियार लोड कर हवा में लहराने का नाटक किया, गार्ड के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 196/26, बीएनएस की धारा 296(ए), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
घटना के बाद डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद एसीपी कोतवाली संतोष पटेल, श्यामला हिल्स थाना प्रभारी नीलम पटवा, तलैया थाना प्रभारी दीपक डेहरिया और क्राइम ब्रांच की टीम को सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ में लगाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्रमादित्य उर्फ बॉबी निवासी तुलसी नगर, सोनू सोंधिया उर्फ सूरज सोंधिया निवासी प्लेटिनम प्लाजा, अजय राउत निवासी 05 नंबर स्टॉप और हर्ष उर्फ छोटू जोशी निवासी कोलार शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 17 सितंबर की रात 10:30 बजे आरोपियों ने बॉबी के तुलसी नगर स्थित घर पर शराब पार्टी की थी। इसके बाद वे रात करीब 12:45 बजे बाकी की ग्रैंड विटारा कार एमपी-04-वाईडी-8564 से डिपो चौराहा और दूरदर्शन तिराहा होते हुए बाल भवन की तरफ पहुंचे। नादिर कॉलोनी के गेट पर हर्ष उर्फ छोटू ने गाड़ी से उतरकर हथियार लहराते हुए आतंक फैलाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी बॉबी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी जप्त कर ली है, जबकि हथियार की तलाश अभी जारी है।