
भोपाल। घर में खेल-खेल में बच्चों ने चादर चूल्हे पर फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने जलता चादर अपनी तरफ खींच लिया। हादसे में दो और तीन साल की तीन बच्चियों समेत चार बच्चे झुलस गए। देर रात 2 साल की मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। इलाज के दौरान देर रात तीन और बच्चों की मौत हो गई।
जहांगीराबाद पुलिस के मुताबिक मकान नंबर-13 जिंसी निवासी नईम कुरैशी कारपेंटर का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे उनकी पत्नी नादिया तीसरी मंजिल पर चूल्हे पर खाना बनाने के बाद नीचे आ गईं। वे दोनों बेटियों अनायजा (2), अदीवा (3) के अलावा उनकी बहन अरहा की बेटा सनद (3) और आमरनी की बेटी मजा (2) को कमरे में खेलता छोड़ आई थीं। वहीं चूल्हे में आग भी जल रही थी।
बच्चे खेल-खेल में एक दूसरे पर चादर फेंक रहे थे। इसी दौरान चादर चूल्हे पर गिर गया। बच्चों ने देखा नहीं और चादर को अपनी तरफ खींच लिया। इससे चारों बच्चे आग की चपेट में आ गए। चीख सुनकर परिजन ऊपर पहुंचे तो बच्चों को कपड़ों में आग लगी थी। उन्होंने बच्चों को आग से बचाया और उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अनायजा को मृत घोषित कर दिया। वहीं इलाज के दौरान अन्य तीन बच्चों की भी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने जहांगीबाद पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। हालांकि घटना के बाद सिलेंडर फटने और शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई थी। एसआई दुबे ने बताया कि आग चूल्हे पर चादर गिरने से लगी थी।