
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित कर्मावती अस्पताल के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह आठ बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। दिनदहाड़े चलती बाइक पर बैठे एक युवक को उसके ही दोस्त ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी तीसरे युवक को गन प्वाइंट पर लेकर मौके से फरार हो गया। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और थाना बल मौके पर पहुंच गया।
एसीपी निशातपुरा शशांक जैन ने बताया कि मृतक की पहचान 23 वर्षीय ताशी, निवासी गैस राहत कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड करोंद के रूप में हुई है, जो निजी काम करता था। रविवार सुबह ताशी ने अपने दोस्त इबाद को बुलाया था। दोनों मछली पकड़ने जा रहे थे।
वापसी के दौरान सुबह करीब पौने सात बजे रास्ते में ताशी को उसके घर के पास रहने वाला आलिम उर्फ अल्लू मिला। आलिम ने भी मछली पकड़ने जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद ताशी ने उसे अपनी बाइक के बीच में बैठा लिया। बाइक पर सवार होने के महज 10 से 15 मिनट के भीतर ही आलिम ने ताशी के सिर में पिस्टल से गोली मार दी।
गोली चलते ही तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और ताशी की मौके पर ही मौत हो गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजीव पाठक ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपी आलिम ने ताशी के साथ मौजूद दूसरे दोस्त को पिस्टल की नोंक पर धमकाया और उसे गन प्वाइंट पर अपने साथ भगा ले गया।
आरोपी सिंधी कॉलोनी के बाहर बाइक से कूदकर फरार हो गया। इसके बाद डरे-सहमे युवक ने मृतक के स्वजन और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के समय काफी लोग जमा हो गए थे। पुलिस ने बल की मौजूदगी में पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 20 से 25 दिन पहले ताशी और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी, हालांकि तब आपसी समझाइश से मामला शांत हो गया था और थाने में शिकायत नहीं हुई थी, लेकिन आरोपी के मन में रंजिश पल रही थी। मृतक के भाई समीर ने बताया कि ताशी और आलिम के बीच एक लड़की से बातचीत को लेकर पुराना विवाद था।
करीब एक महीने पहले भी आलिम ने ताशी पर पिस्टल तानी थी और समझौते के बाद फावड़े से हमला कर उसका हाथ फ्रैक्चर कर दिया था। पुलिस स्वजन के बयानों और पुरानी रंजिश के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल, मृतक और आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
निशातपुरा में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या के बाद आरोपित एफआइआर दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। हत्या में एक एक लड़की से बातचीत करने और पुरानी रंजिश को लेकर जानकारी मिली है। उसको लेकर जांच जारी है और टीम आरोपित की गिरफ्तारी में लगी है।
- आदर्शकांत शुक्ला पुलिस उपायुक्त जोन -4