नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले संगठित नेटवर्क पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से मंगाए गए लाखों रुपये के संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन प्लेटफार्म से खरीदे गए नियर एक्सपायरी व एक्सपायरी उत्पादों को आधी कीमत पर छोटे व्यापारियों को बेचकर साप्ताहिक हाट-बाजारों में खपाने की तैयारी थी।गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संबंधित फर्म का एफएसएसएआइ पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर एक्शन
जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देशों पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम ने करोंद-भानपुर क्षेत्र स्थित न्यू गल्ला मंडी रोड, शिवनगर फेज-3 में संचालित मैसर्स राइजर इन्फ्राकान प्राइवेट लिमिटेड पर छापामार कार्रवाई की। यहां संचालक शादाब खान कथित रूप से एक्सपायरी अथवा नियर एक्सपायरी पैक्ड खाद्य सामग्री को 50 प्रतिशत छूट के नाम पर बेच रहा था।
![naidunia_image]()
पॉपकार्न, पोदीना मिलेट भेल, पोटेटो चिप्स, कार्न फ्लोर
कार्रवाई के दौरान टीम ने बटर पॉपकार्न, पोदीना मिलेट भेल, पोटेटो चिप्स, कार्न फ्लोर सहित बड़ी मात्रा में पैक्ड खाद्य सामग्री बरामद की। जांच में पाया गया कि यह सामान साप्ताहिक हाट-बाजारों में छोटे दुकानदारों के माध्यम से खपाने की तैयारी थी। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फर्म का एफएसएसएआई पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए दुकान सील कर प्रकरण दर्ज किया है।
नमूनों के दौरान सुपर फ्रेश कार्न फ्लोर के 500 ग्राम के चार पैकेट जब्त किए गए, जिन पर मैन्युफैक्चरिंग व एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी। पैकेट पर निर्माता का नाम, बैच नंबर और एफएसएसएआई लाइसेंस जैसी अनिवार्य जानकारी भी अंकित नहीं थी। इसके अलावा स्लर्प फार्म मिलेट पैनकेक बनाना चोको-चिप के भी नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम, 2006 के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत कर दोषियों पर 10 लाख रुपये तक के जुर्माने सहित कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।शिवराज पावक, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी
कार्रवाई एक नजर में
फर्म: मैसर्स राइजर इन्फ्राकान प्राइवेट लिमिटेड
संचालक: शादाब खान
स्थान: शिवनगर फेज-3, न्यू गल्ला मंडी, भानपुर, भोपाल
कार्रवाई: एफएसएसएआई पंजीयन निलंबित, दुकान सील, खाद्य सामग्री जब्त।
बरामद सामग्री: कार्न फ्लोर, बटर पापकार्न, मिलेट भेल, पोटेटो चिप्स सहित अन्य पैक्ड उत्पाद।
आगे की कार्रवाई: नमूने राज्य प्रयोगशाला भेजे गए, रिपोर्ट के आधार पर न्यायालय में प्रकरण व 10 लाख रुपये तक के जुर्माने की कार्रवाई।