
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की बीमा दावा राशि प्राप्त करने का व्यापक फर्जीवाड़ा सामने आया है। ग्वालियर, मुरैना और रतलाम जिलों में अब तक ऐसे 121 प्रकरण सामने आ चुके हैं। फर्जीवाड़ की जांच कर रही अपराध अन्वेषण विभाग (सीआइडी) को 482 बैंक खातों पर संदेह है। इनमें ग्वालियर-मुरैना के 59 और रतलाम के 62 खातों से राशि निकालने की पुष्टि हो चुकी है, शेष में जांच जारी है।
इस फर्जीवाड़े के तार राजस्थान से जुड़ रहे हैं। कुछ आरोपित राजस्थान के श्रीगंगानगर और धौलपुर के बताए जा रहे हैं। इन्हीं जिलों के एटीएम से बीमा दावा राशि भी निकाली गई थी। फर्जीवाड़े में निजी बैंकों के खाते इस्तेमाल किए जा रहे हैं। रतलाम में जिन 62 खाताधारकों की बीमा दावा राशि निकाली गई, वे सभी एक ही निजी बैंक के थे। दरअसल, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में खाताधारक के बैंक खाते से प्रतिवर्ष 436 रुपये प्रीमियम काटा जाता है।
दुर्घटना या सामान्य मृत्यु होने पर खाताधारक के नामित व्यक्ति को दो लाख रुपये की दावा राशि मिलती है। वर्ष 2024-2025 में आरोपितों ने फर्जीवाड़े के उद्देश्य से ही खाते खुलवाए और इनमें एक-दो किस्तें जमा करने के बाद फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर दावा राशि स्वीकृत करा ली।
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपितों ने नए खाते खुलवाने के साथ पहले से खुले खातों का भी दुरुपयोग किया है। कुछ खाताधारकों की मृत्यु के बाद दावा राशि लेने बैंक पहुंचे स्वजन को बताया गया कि उनके नाम पर दावा राशि पहले ही जारी हो चुकी है। सीआइडी की टीम फर्जीवाड़े में शामिल आरोपितों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।