गणेश विसर्जन : घाटों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, क्रेन से होगा बड़ी मूर्तियों का विसर्जन
भोपाल शहर में एक हजार से अधिक स्थानों पर गणेशजी की प्रतिमाएं विराजी हैं, इन्हें डोल एकादशी और 17, 18, 19 सितंबर तक विसर्जित किया जाएगा। नगर निगम शहर के 15 से अधिक स्थानों पर स्टाल लगाएगा। लोग घरों में बप्पा की पूजा करने के बाद मूर्तियों को स्टाल पर ले जाएंगे, जहां से नगर निगम की गाड़ी में मूर्तियों को घाटों पर ले जाया जाएगा।
Publish Date: Sat, 14 Sep 2024 09:19:37 AM (IST)
Updated Date: Sat, 14 Sep 2024 09:19:37 AM (IST)
रानी कमलापति विसर्जन घाट पर साफ-सफाई करते ननि कर्मचारी।HighLights
- कलेक्टर, निगमायुक्त ने विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण।
- नगर निगम ने विसर्जन घाटों पर किए समुचित इंतजाम।
- विसर्जन घाटों पर गोताखोर व सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शनिवार को डोल ग्यारस मनाई जा रही है। इस मौके पर आज शाम से शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जनशुरू हो जाएगा। 17 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर उसके बाद भी एक-दो दिन गणेश विसर्जन का सिलसिला चलता रहेगा। घाटों पर गणेश प्रतिमाओं के निर्विघ्न, शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारियां की हैं। भगवान गणेश की छोटी मूर्तियां तालाब, कुंड में विसर्जित की जाएंगी। इसमें नाव का सहारा लिया जाएगा। वहीं, बड़ी मूर्तियां क्रेन से विसर्जित होंगी, ताकि कोई हादसा न हो।
बता दें कि भोपाल शहर में एक हजार से अधिक स्थानों पर गणेशजी की प्रतिमाएं विराजी हैं, इन्हें डोल एकादशी और 17, 18, 19 सितंबर तक विसर्जित किया जाएगा। इस कारण एक दिन पहले ही घाटों पर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें तैनात हो जाएंगी। इससे पहले सड़कों के गड्ढे भरे जा रहे हैं।
15 से अधिक स्थानों पर स्टाल
पुराने हादसों को ध्यान में रखते हुए इस बार भी गणेश मूर्ति विसर्जन व्यवस्था बदली हुई रहेगी। नगर निगम शहर के 15 से अधिक स्थानों पर स्टाल लगाएगा। लोग घरों में बप्पा की पूजा करने के बाद मूर्तियों को स्टाल पर ले जाएंगे, जहां से नगर निगम की गाड़ी में मूर्तियों को घाटों पर ले जाया जाएगा। यहां सामूहिक रूप से विसर्जन होगा। बड़ी मूर्तियों का विसर्जन अफसरों की देखरेख में होगा। छह घाटों के लिए अफसरों की तैनाती की जाएगी।
घाटों पर रहेगी सुरक्षा
खटलापुरा, प्रेमपुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, शाहपुरा एवं आर्च ब्रिज के घाट पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। शीतलदास की बगिया में विसर्जन नहीं होगा। मंदिर समिति ने जनसुनवाई में आवेदन देकर मूर्तियों का विसर्जन नहीं कराने की बात कही थी। ऐसे में यहां सुरक्षाकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो मूर्ति विसर्जित करने वालों को रोकेंगे।
कलेक्टर ने किया निरीक्षण
शहर में गणेश मूर्तियों के विसर्जन को लेकर घाटों पर तैयारियां की जा रही है।कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने निर्देश दिए हैं। उन्होंने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग, वाहन पार्किंग, बैरिकेटिंग और गोताखोरों की व्यवस्था करने और विसर्जन घाटों के आसपास से बेसहारा गोवंश समेत श्वान जैसे पशुओं को हटाने के लिए कहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपने समक्ष क्रेन के संचालन, लाइट चालू करवाकर चेक की।