Ganeshotsav 2022 : संत हिरदाराम नगर 30 अगस्त नवदुनिया प्रतिनिधि। संत हिरदाराम नगर में इस बार अधिकांश घरों में इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। श्रद्धालुओं में मिट्टी की मूर्ति स्थापित करने की होड़ मची है।
शहीद हेमू कॉलोनी संस्थान ने इको फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित करने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के बीच मिट्टी के गणेश बनाओ स्पर्धा का आयोजन किया। छात्राओं ने इसमें खासा उत्साह दिखाया। प्रतिमा निर्माण में मिट्टी के अलावा पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग किया गया है। संस्थान से जुड़े सुरेश ममतानी के अनुसार मिट्टी के गणेश बनाओ प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर उत्साह का प्रदर्शन किया। इन्हीं प्रतिमा को घरों में स्थापित किया जाएगा। स्पर्धा का शुभारंभ करते हुए शहीद हेमू कलानी संस्थान के उपाध्यक्ष हीरो ज्ञानचंदानी ने कहा कि सिद्धिविनायक भगवान श्री गणेश हम सब की आस्थाओं केंद्र हैं हमें पूजा अर्चना के साथ इस बात का भी ध्यान रखना है कि पर्यावरण की रक्षा होती रहे। इस लिहाज से मिट्टी की प्रतिमाएं बनाना समय की जरूरत है। हम सब गणेश जी से प्रार्थना करें की देश खुशहाल बने और विश्व शक्ति बने।
ईको फ्रेन्डली गणेश बनाने वालों को मिलेंगे पुरस्कार
संत हिरदाराम नगर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्था बजरंग सेना समिति ने मिट्टी के गणेश बनाने वाले श्रद्धालुओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। समिति के अध्यक्ष कमलेश देवानी ने बताया कि बच्चों का मनोबल एवं उत्साह बढाने के लिये ईको फ्रेंडली गणेश ऑयडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके तहत कई बच्चों ने मिट्टी की गणेश प्रतिमा बनाई है। इन्ही प्रतिमाओं की घरों में स्थापना की जाएगी। प्रतिमा का अवलोकन करने के बाद पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण चार सितम्बर 2022 दिन रविवार को प्रातः 11 बजे मॉं काली मंदिर हलालपुर में होगा। प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं ढेरों उपहार बच्चों को दिये जाएगे। समिति ने मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए नागरिकों को प्रेरित भी किया है। बाजार में भी इस पर कई मिट्टी की प्रतिमाएं बिक रही हैं श्रद्धालु इसे खरीद रहे हैं।