भोपाल। इन दिनों सब जगह गणेशोत्सव की धूम है। गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा है। हवन-पूजन के कार्यक्रम चल रहे हैं। प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान की भी भगवान गणेश पर अगाध श्रद्धा है। इस पावन मौके पर वह गुरुवार को विदिशा भोपाल मार्ग पर बेतवा नदी के किनारे रंगई गांव में स्थित बाढ़ वाले गणेश मंदिर में पहुंचे और विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनकी पत्नी साधना सिंह भी साथ थीं। मुख्यमंत्री शिवराज मंदिर में हो रहे यज्ञ में शामिल हुए और मंडली के साथ भजन भी गाए। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में भंडारे में कन्याओं को भोजन कराया और खुद भी भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने यहां उपस्थित नागरिकों से संवाद कर उनका हाल-चाल जाना।
मुख्यमंत्री की है अगाध आस्था
बता दें कि इस मंदिर से मुख्यमंत्री चौहान और उनके परिवार की अगाध आस्था जुड़ी है। वह पिछले 13 वर्षों से गणेशोत्सव के दौरान इस मंदिर पर होने वाले हवन-पूजन और भंडारे में शामिल होते हैं। इसके अलावा वे जब भी विदिशा आते है, इस मंदिर पर जाकर बाढ़ वाले गणेश के दर्शन जरूर करते हैं।
मुख्यमंत्री ने सपरिवार गणेशजी की झांकी के किए दर्शन
बुधवार रात करीब दस बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपरिवार भगवान गणेश जी की झांकी देखने राजधानी में कोलार बीमाकुंज में लाल बाग के राजा गणेशजी की झांकी देखने पहुंचे। उन्होंने लाल बाग के राजा के दर्शन कर आरती की। देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इससे पहले विधायक रामेश्वर शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री 10 नंबर व न्यू मार्केट में भी गणेशजी की झांकियों को भी देखने पहुंचे।