
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के लगभग साढ़े सात लाख शासकीय सेवकों के लिए आगामी त्योहारी सीजन खुशियों भरा साबित होने जा रहा है। प्रदेश सरकार इस बार दीवाली के अवसर पर कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य शासन 15 अक्टूबर के बाद इस फैसले का आधिकारिक ऐलान कर सकता है, ताकि नवंबर महीने के वेतन में बढ़ा हुआ भत्ता जोड़कर दिया जा सके।
वर्तमान में राज्य के कर्मचारियों को 58% की दर से डीए मिल रहा है, जो इस 2 प्रतिशत के इजाफे के साथ बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि कर्मचारियों का यह 2 प्रतिशत डीए 1 जनवरी से लंबित है। इस बढ़ोतरी को लागू करने से राज्य सरकार के खजाने पर हर महीने करीब 82 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा।
इसके अलावा, जनवरी से अक्टूबर तक का 10 महीने का एरियर देने पर सरकार को कुल 820 करोड़ रुपए का बजटीय प्रावधान करना पड़ेगा। एरियर का भुगतान एकमुश्त होने से कर्मचारियों को दिवाली पर बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें- 5,000 रुपये का नया अलाउंस... छत्तीसगढ़ के पुलिसकर्मियों के लिए आया बड़ा प्रस्ताव, जानें कब से मिलेगा फायदा
राज्य के साथ-साथ केंद्रीय कर्मचारियों में भी महंगाई भत्ते को लेकर सुगबुगाहट तेज है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए 1 जुलाई से लंबित है, जिसमें लगभग 3 फीसदी वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर केंद्रीय कर्मचारी परिसंघ ने वित्त मंत्रालय से जल्द घोषणा करने का अनुरोध किया है। वहीं, मध्य प्रदेश के सरकारी सेवक अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में जारी होने वाले आधिकारिक आदेश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।