
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर बदमाशों द्वारा अंधाधुंध छह राउंड फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रातीबड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया में स्थित जमीन को लेकर चल रहा है। इसी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक बिल्डर की कॉलोनी में जबरन घुसकर ताबड़तोड़ छह गोलियां चलाईं। बदमाशों ने मुख्य रूप से कॉलोनी के गार्ड रूम को अपना निशाना बनाकर फायरिंग की। अचानक हुई इस गोलीबारी से कॉलोनीवासियों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- सिर्फ एक अंक से फेल हो रहा था मेडिकल छात्र, एमपी हाई कोर्ट ने पूछा- क्या बचाया जा सकता है एक साल?
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। रातीबड़ थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमें फरार बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।