MP Telecom Investor Meet: ग्वालियर बनेगा टेलीकॉम हब; 3,600 करोड़ का होगा निवेश
MP Telecom Investor Meet: ग्वालियर में 3,600 करोड़ का निवेश होगा। टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र की 25 कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इससे 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 11:26:24 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 11:26:24 AM (IST)
HighLights
- ग्वालियर में 3,600 करोड़ का निवेश
- 450 एकड़ में बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन
- 25 कंपनियों ने निवेश प्रस्ताव दिए
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। टेलीकॉम और इलेक्ट्रानिक्स विनिर्माण उद्योग को गति देने के लिए गुरुवार को भोपाल मे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) इन्वेस्टर मीट होगी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे। इसमें 25 कंपनियों को निवेश के लिए आशय पत्र दिए जाएंगे। इन कंपनियों ने 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिनसे 15 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
450 एकड़ क्षेत्र में टेलीकाम मैन्युफैक्चरिंग जोन
होटल ताज लेकफ्रंट में होने वाली इस बैठक में डिक्सन टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी और ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी। इन्वेस्टर मीट में ग्वालियर में लगभग 450 एकड़ क्षेत्र में टेलीकाम मैन्युफैक्चरिंग जोन के दूसरे चरण का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।
बिजली दरों में मिलेगी छूट
इसके पहले चरण में ग्वालियर आईटी पार्क और साडा क्षेत्र में 170 एकड़ भूमि पर औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। प्रदेश सरकार निवेशकों को एक रुपये के प्रीमियम पर भूमि, 50 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान, स्टांप ड्यूटी की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति और शुरुआती पांच वर्षों तक बिजली दर में दो रुपये प्रति यूनिट की छूट दे रही है।
सरकार का लक्ष्य ग्वालियर को राष्ट्रीय टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करना है।