
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पुरानी रंजिश को लेकर हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने बुधवार शाम राजधानी के कमलानगर और टीटीनगर थाना क्षेत्रों में करीब आधे घंटे के भीतर दो जगह फायरिंग कर सनसनी फैला दी। बदमाश राहुल निरापुरे अपने साथी संदीप अहिरवार और नीलेश के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। दोनों घटनाओं में किसी को गोली नहीं लगी, जिससे लोग बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पहली वारदात बुधवार शाम करीब छह बजे टीटीनगर थाना क्षेत्र की पत्रकार कालोनी में हुई। यहां राहुल निरापुरे और उसके साथियों ने राहुल शर्मा नामक युवक के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपित आंबेडकर नगर में रहने वाले अजय उर्फ शूटर के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि अजय शूटर से राहुल की पुरानी दुश्मनी चली आ रही है और दोनों पक्षों के बीच एक पुराना मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
यह भी पढ़ें- दतिया में DJ बजाने से रोका तो चले लाठी-डंडे और गोलियां, अंधाधुंध फायरिंग में चाचा-भतीजे समेत 8 घायल
अजय के घर पहुंचने पर आरोपितों ने पहले वहां मौजूद सचिन उर्फ बच्चा के साथ मारपीट की। इसी दौरान अजय की पत्नी सामने आ गई तो आरोपित ने उस पर भी गोली चला दी। हालांकि वह बाल-बाल बच गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल के साथ मौजूद संदीप अहिरवार पर भी फायरिंग करने का आरोप है।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।