नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल में एक कॉलेज छात्रा के साथ ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। कॉलेज छात्रा की फोटो से छेड़छाड़ कर उन्हें बहुप्रसारित करने की धमकी देकर तीन साल तक शारीरिक शोषण करने की शिकायत पर पिपलानी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामले में आरोपित युवक पीड़िता के पूर्व प्रेमी का दोस्त है।
करीब पांच साल पहले आरोपित का परिचय दोस्त के जरिए उसकी प्रेमिका से हुआ था। 2021 में उसके दोस्त की मौत हो गई थी। जिसके बाद से आरोपित ने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और उसके के फोटो से छेड़छाड़ कर उन्हें बहुप्रसारित करने की धमकी देकर करीब तीन साल तक युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की शिकायत पर पिपलानी थाने में जीरो पर कायमी हुई है। चूंकि पीड़िता से दुष्कर्म की वारदात भोपाल स्टेशन के पास एक होटल में हुई है, जिससे केस डायरी बजरिया थाने ट्रांसफर कर दी गई है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
बजरिया थाने में पदस्थ एसआइ अरविंद सिंह के अनुसार 22 वर्षीय पीड़िता मूलत: इटारसी की रहने वाली है। वह भोपाल के एक निजी कालेज में पढ़ाई कर रही है। इटारसी के ही एक युवक से उसका प्रेम प्रसंग था। पीड़िता पांच साल पहले प्रेमी के माध्यम से भिंड जिले का रहने वाले उसके दोस्त कुलदीप भदौरिया से मिली थी। कुलदीप अक्सर वह अपने दोस्त से मिलने भोपाल आता था। वर्ष 2021 में पीड़िता के प्रेमी की करंट लगने से मौत हो गई थी। जिसके बाद कुलदीप पीड़िता को सांत्वना देने के बहाने से उसके करीब आया और फिर उसकी फोटो से छेड़छाड़ कर बहुप्रसारित करने की धमकी दी।
उसने पीड़िता को शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर किया। डरकर पीड़िता ने उसकी शर्त मानी और बजरिया थाना क्षेत्र के होटल में आरोपित पीड़िता से संबंध बनाता रहा। वह 2021 से 2024 तक युवती का शोषण करता रहा। पुलिस का कहना है कि अब तक आरोपित के व्यवसाय के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। केस दर्ज होने के बाद से उसने फोन बंद कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।