
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार हादसा तूमड़ा जोड़ पर रात करीब 10 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक दूर जाकर गिरी और चालक के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने क्या कहा
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान संतोष बंशकार (50) निवासी दोराहा जोड़, राम नगर कॉलोनी के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे। बुधवार को वे सीहोर जिले के बिलकिसगंज क्षेत्र में अपनी बहू को छोड़ने गए थे और रात में वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान तूमड़ा जोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चार लोग सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। खजूरी सड़क पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरोपितों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।