भोपाल के 5-स्टार होटल मेरियट की लिफ्ट में फंसी IAS अफसर की पत्नी: 20 मिनट चला रेस्क्यू, निगम ने 3 लिफ्टें कीं सील
अरेरा हिल्स स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मेरियट में रविवार सुबह लिफ्ट में एक महिला के करीब 20 मिनट तक फंसे रहने के बाद नगर निगम ने होटल की तीन लिफ्टों को...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 08:32:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 08:32:47 PM (IST)
घटना के बाद होटल में लिफ्ट सील करने की कार्रवाई करता नगर निगम अमला। सौ- नगर निगम।HighLights
- मेरियट होटल की लिफ्ट में IAS अफसर की पत्नी 20 मिनट फंसीं
- ARD और नियमित मेंटेनेंस नहीं मिला, फायर सेफ्टी में भी खामियां
- नगर निगम ने होटल की तीन लिफ्टें अस्थायी रूप से सील कीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अरेरा हिल्स स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मेरियट में रविवार सुबह लिफ्ट में एक महिला के करीब 20 मिनट तक फंसे रहने के बाद नगर निगम ने होटल की तीन लिफ्टों को अस्थायी रूप से सील कर दिया। महिला मध्यप्रदेश कैडर के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की पत्नी बताई गई हैं।
सूचना मिलने पर नगर निगम के फायर ब्रिगेड, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग की टीम होटल पहुंची और महिला को लिफ्ट से बाहर निकाला।
इसके बाद निगम की टीम ने होटल की लिफ्टों और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच में लिफ्टों में ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस (एआरडी) की व्यवस्था नहीं मिली। साथ ही निर्धारित समय पर मासिक मेंटेनेंस भी नहीं कराया गया था। निगम के अनुसार 31 अगस्त 2026 को किया जाना वाला मासिक संधारण कार्य भी नहीं हुआ था।
फायर सेफ्टी में भी मिली खामियां
नगर निगम के अमले ने होटल में अग्नि सुरक्षा उपकरणों, निर्गम द्वार और अन्य फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी जांच की। निगम के अनुसार इनमें भी निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। इसके बाद होटल की तीन लिफ्टों को अस्थायी रूप से सील करने की कार्रवाई की गई।
निगम ने खाद्य सुरक्षा लाइसेंस समेत लिफ्ट और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार होटल का इससे पहले भी निरीक्षण किया गया था और निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे।
29 मई को हुआ था अंतिम निरीक्षण
जानकारी के अनुसार जिस लिफ्ट में महिला फंसी थी, उसका अंतिम निरीक्षण 29 मई 2026 को हुआ था। रविवार की घटना के बाद निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर लिफ्ट की तकनीकी और रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं की पड़ताल की।
शहर के अन्य होटलों और अस्पतालों में भी होगा निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अब शहर की बहुमंजिला इमारतों, होटलों, अस्पतालों और अन्य ऐसे भवनों में लिफ्टों का निरीक्षण कराया जाएगा, जहां लिफ्ट स्थापित हैं। निगम की टीमें लिफ्टों के निर्धारित समय पर निरीक्षण और संधारण से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच करेंगी।
जहां निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया जाएगा, वहां संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बहुमंजिला इमारतों, होटलों और अस्पतालों को लिफ्टों का समय पर संधारण और सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।- संस्कृति जैन, कमिश्नर, नगर निगम