MP में खाद की किल्लत पर नपेंगे कलेक्टर; CM डॉ. मोहन यादव ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखने को कहा।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 01:52:53 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 01:55:13 PM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से चर्चा की। सौ-जनसंपर्क विभागHighLights
- खाद की किल्लत पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार
- 12 जिलों में फसल नुकसान का सर्वे होगा
- दीपावली सुरक्षा से लेकर धनतेरस रजिस्ट्री तक निर्देश
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । दीपावली हर्ष और आनंद से मनाएं लेकिन कहीं भी किसी भी प्रकार का असामाजिक काम न हो। दीपावली पर्व और किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर रहे। किसानों को खाद की किल्लत हुई तो कलेक्टर सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे।
यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से वीडियो कान्फ्रेंस में कही।
अलर्ट मोड पर रहें अधिकारी
उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में किसानों को खाद की आपूर्ति में कोई कठिनाई न होने पाए। कलेक्टर से लेकर कृषि एवं विपणन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहें और किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद का वितरण कराएं।
इस दौरान कृषि सचिव निशांत वरवडे ने बताया कि प्रदेश में खाद आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन 12 जिलों में सामान्य वर्षा हुई है, वहां आनावारी के आंकड़े आने के बाद जल्द सर्वे कराएं और पात्रतानुसार किसानों को राहत राशि दी जाए।
प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग न हो
दीपावली के दौरान अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों का उपयोग न होने पाए। मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर भी अंकुश लगाया जाए। बड़े बाजारों में फल, फूल, दिया-बाती, झालर जैसी दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों को तहबाजारी से छूट दी जाए। उन्हें अनावश्यक परेशान न किया जाए। जिले के अधिकारी छोटे-छोटे बच्चों, गरीब बस्तियों, अनाथालय और वृद्धाश्रम में जाकर दीपावली मनाएं।
धनतेरस पर शत प्रतिशत रजिस्ट्री कराएं
उन्होंने कलेक्टरों से कहा कि वे धनतेरस के दिन अपने जिले के अधिक से अधिक गांव में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री कराने के लिए स्थानीय सांसद, विधायक के साथ जाएं।
रजिस्ट्री कराने में जिन पटवारियों एवं तहसीलदारों ने उल्लेखनीय काम किया है उन्हें आगामी 26 जनवरी को न केवल सम्मानित किया जाए बल्कि यह उपलब्धि सर्विस बुक में भी दर्ज की जाए। नौ नवंबर को प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।