
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत टीम ने एक आटाचक्की संचालक को दोपहिया वाहन से अवैध शराब ले जाते हुए पकड़ा, तो उसकी निशानदेही पर घर से 15 शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। टीम ने उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अवैध शराब व वाहन को जब्त किया है।
जिला आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि घोड़ानक्कास इलाके में रहने वाला एक आटाचक्की संचालक घर से अवैध शराब की तस्करी करता है। सूचना मिलने पर मंगलवार को चेकिंग लगाई गई तो वह दोपहिया वाहन से आते हुए दिखा। जिसे रोककर तलाशी लेने पर अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद हुई, पूछताछ में वह सही जानकारी नहीं दे पाया।
टीम ने उसके घर पहुंचकर तलाशी ली तो करीब 15 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुई हैं। वर्षा उइके ने बताया कि वह पूर्व में भी अवैध शराब के साथ पकड़ा जा चुका है और उसके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज हैं।
इसके अलावा एक अन्य टीम ने पीएंडटी चौराहा के पास से दोपहिया वाहन चालक के कब्जे से 12 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की हैं। वहीं करोंद इलाके में संचालित होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालक और अवैध शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही संचालकों को चेतावनी दी गई है कि अवैध शराब न परोसी जाए, नहीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में AI ने पकड़ा निकायों का खेल... टिमरनी, खरगोन व कानड़ के अफसरों पर गिरी गाज, पेंशन-इंक्रीमेंट रुके