भोपाल में दोस्त के पेट में घोंपा चाकू, हालत गंभीर; गिरवी रखी मोपेड के पैसों को लेकर विवाद
मंगलवार रात अभय साथियों के साथ समीर से मिलने पहुंचा। कहासुनी के दौरान उसके पेट में चाकू घोंप दिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 08:57:48 AM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 08:58:45 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- मोपेड गिरवी रखकर ली थी रकम
- वाहन ले गया लेकिन रुपये नहीं लौटाए
- लेनदेन पर दोस्त के पेट में घोंपा चाकू
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में उधारी की रकम को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपित ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया और वारदात के बाद साथियों के साथ फरार हो गया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
गिरवी रखी मोपेड ले गया, पैसे नहीं दिए
पुलिस के अनुसार दुलीचंद का बाग निवासी समीर खान रेलवे पार्सल कार्यालय में काम करता है। कुछ समय पहले उसके दोस्त अभय अहिरवार ने अपनी मोपेड 28 हजार रुपये में समीर के पास गिरवी रखी थी। बाद में अभय मोपेड तो वापस ले गया, लेकिन गिरवी की रकम नहीं लौटाई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
मंगलवार रात अभय अपने कुछ साथियों के साथ समीर से मिलने पहुंचा। यहां रुपयों को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में अभय ने समीर के पेट में चाकू मार दिया। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।