नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए जनवरी 2027 ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार भेल दशहरा मैदान रोड पर होने वाली भव्य आर्मी-डे परेड की तैयारियां अब अंतिम दौर की ओर बढ़ने लगी हैं। जयपुर में जनवरी में आयोजित हुई आर्मी-डे परेड की तर्ज पर जंबूरी-कालीबाड़ी रोड से लेकर दशहरा मैदान तक की 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क को खास तौर पर संवारा जा रहा है। सादगी और गरिमा के साथ होने वाले इस आयोजन में पूरे परेड मार्ग पर 352 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
सूत्रों के अनुसार इन बिजली के खंभों पर देश का तिरंगा और भारतीय सेना का ध्वज एक साथ लहराता नजर आएगा। इसके लिए खंभों पर अलग से विशेष राड लगाने की व्यवस्था की गई है।
बिजली के फाउंडेशन का 90 प्रतिशत काम पूरा
परेड मार्ग को रोशन करने के लिए पांच नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जिन्हें इस रविवार को चार्ज कर दिया जाएगा। बिजली के खंभों के लिए फाउंडेशन बनाने का 90 प्रतिशत और अंडरग्राउंड केबल बिछाने का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अगले चार से पांच दिनों में खंभे खड़े करने का काम भी शुरू होगा।
सेना की निगरानी में हुई मार्किंग
आर्मी-डे परेड की तैयारियों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए सेना के अधिकारी खुद निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। शुक्रवार को सैन्य अधिकारियों ने अपनी देखरेख में दर्शक दीर्घा के लिए स्थान की मार्किंग कराई। माना जा रहा है कि शनिवार या रविवार से दर्शक दीर्घा के निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा।
हड़ताल से धीमी पड़ी डामरीकरण की रफ्तार
2.5 किलोमीटर लंबी और 15 मीटर चौड़ी इस सड़क के चौड़ीकरण और खोदाई से जुड़ी सभी बाधाएं हटा ली गई हैं। सड़क पर अब तक 30 प्रतिशत डामरीकरण का काम हो चुका है, लेकिन ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के कारण निर्माण सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होने से काम की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी जिला प्रशासन की मदद से इस बाधा को दूर करने में जुटे हैं।
टैंकों के लिए बन रहा सीमेंटेड बेस, टेंट सिटी का इंतजार
परेड के मुख्य आकर्षण यानी सेना के भारी-भरकम टैंकों को खड़ा करने के लिए भेल दशहरा मैदान में मजबूत सीमेंटेड बेस तैयार किया जा रहा है। दूसरी ओर, जंबूरी मैदान में देशभर से आने वाले सेना के जवानों के ठहरने के लिए प्रस्तावित टेंट सिटी का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। यह जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है।
आर्मी-डे परेड की तैयारियों को लेकर काम तेजी से चल रहा है। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से कुछ दिक्कतें जरूर आई हैं, लेकिन जिला प्रशासन के सहयोग से गिट्टी के ट्रकों की आवाजाही सुचारू कराई जा रही है। काम पूरा करने की समय सीमा 30 नंवबर है, लेकिन दिक्कतों के चलते दिसंबर के पहले सप्ताह तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर मैदान और सड़क सेना को सौंपने दिया जाएगा। एससी वर्मा, चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी
आंकड़ों में: आर्मी-डे परेड की तैयारी
2.5 किमी: जंबूरी-कालीबाड़ी से भेल दशहरा मैदान तक परेड मार्ग की कुल लंबाई।
15 मीटर: परेड के लिए तैयार की जा रही मुख्य सड़क की चौड़ाई।
352: पूरे मार्ग पर लगने वाली स्ट्रीट लाइटों की संख्या ।
05: परेड रूट को रोशन रखने के लिए लगाए गए नए ट्रांसफार्मर।
90 प्रतिशत : बिजली के पोल लगाने के लिए फाउंडेशन का काम पूरा।
70 प्रतिशत : सड़क किनारे अंडरग्राउंड बिजली केबल बिछाने का काम पूरा।
30 प्रतिशत : मुख्य परेड मार्ग पर डामरीकरण का काम पूरा।
30 नवंबर : सभी कार्य पूरा करने की समय सीमा