
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बीना स्टेशन पर यार्ड रीमाडलिंग का काम चलने से रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इसके चलते यात्रियों को 25 अक्टूबर तक परेशानी उठानी पड़ेगी। रेलवे ने चार मेमू ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त (MEMU Trains Cancelled) कर दिया है, जबकि 19 से ज्यादा ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
कई ट्रेनें बीना के बजाय दूसरे स्टेशनों से चलेंगी और वहीं समाप्त होंगी। भोपाल, बीना, कटनी, कोटा, ललितपुर और गुना की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
जानकारी के अनुसार बीना-रूठियाई मेमू 61611, 61625 और रूठियाई-बीना मेमू 61612, 61626, 25 अक्टूबर तक निरस्त रहेंगी। वहीं बीना-दमोह पैसेंजर अब बीना के बजाय मालखेड़ी से शाम 6:10 बजे रवाना होगी और दमोह-बीना पैसेंजर मालखेड़ी तक ही आएगी।
बीना-ग्वालियर पैसेंजर भी 24 अक्टूबर तक मालखेड़ी से दोपहर 12:20 बजे चलेगी। इसके अलावा भोपाल-बीना और बीना-भोपाल के बीच चलने वाली चार मेमू ट्रेनों का संचालन 25 अक्टूबर तक मंडी बामोरा से किया जाएगा। इससे मंडी बामोरा और बीना के बीच सफर करने वाले यात्रियों को ज्यादा असर पड़ेगा।
कटनी-बीना मेमू अब खुरई से, ललितपुर-बीना मेमू आगासोद से और कोटा-बीना की कुछ ट्रेनें महादेवखेड़ी या मुंगावली तक ही चलाई जा रही हैं। बीना-नागदा और नागदा-बीना एक्सप्रेस का संचालन गुना से होगा। बीना-कटनी मुड़वारा मेमू महादेवखेड़ी से सुबह 10:20 बजे रवाना होगी।
इनके अलावा बांद्रा टर्मिनस-मुजफ्फरपुर, अहमदाबाद-दरभंगा और अहमदाबाद-बनारस सिटी सहित पांच एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में भी 20 से 24 अक्टूबर के बीच बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा 139 या NTES पर ट्रेन का समय, मार्ग और प्रारंभिक स्टेशन जरूर जांच लें।