राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने शनिवार को मुंबई में उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से कहा कि उनके प्रदेश में सभी सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। आपका स्वागत है। आप आइए। हम आपको विश्वास दिलाते हैं और वादा करते हैं कि सरकार आपके लिए भरपूर मदद करेगी और निवेश के अनुकूल बेहतर से बेहतर माहौल दिया जाएगा। इस दौरान रिलायंस ग्रुप के अनिल अंबानी ने डिफेंस एवं नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में 50 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मध्य प्रदेश के लिए दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग, व्यापार, व्यवसाय की दृष्टि से मध्य प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है। एनर्जी, टूरिज्म, हेल्थ, माइनिंग जैसे सभी सेक्टर में समान रूप से निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य शासन ने बजट में भी उद्योग-व्यापार को प्रोत्साहन देने के लिए पर्याप्त प्रविधान किए है। प्रदेश के अलग-अलग अंचलों की परिस्थिति और विशेषता को फोकस करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में इंडस्ट्रियल समिट करने का निर्णय भी लिया गया है।
कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक उद्योगपतियों, ट्रेड एसोसिएशन एवं फिल्म इंडस्ट्री के विभिन्न प्रतिनिधि शामिल हुए। नीदरलैंड, मलेशिया, थाइलैंड आदि से विदेशी मेहमानों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशन, स्टार्टअप्स एवं इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लगभग 35 से अधिक उद्योगपतियों के साथ राउंड टेबल चर्चा की गई।
वेलस्पन समूह के बीके गोयनका ने प्लास्टिक, पाइप, इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित 8000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की, जो 3000 प्रत्यक्ष और 10,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेंगे। कनाडा से आए इन्वेस्टर “एकाग्रता” समूह की लंबटन कंपनी ने 130 मिलियन डालर के निवेश के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
ग्लोबल इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स- बुकफील्ड, सीडीपीक्यू, फायरफेक्स ने हवाई अड्डे, इंडस्ट्रियल पार्क्स, होटेल्स, नवकरणीय ऊर्जा तथा अन्य आधारभूत ढांचे में निवेश करने के प्रस्ताव दिए। गोदरेज ग्रुप की इंदौर में अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट विकसित करने की योजना प्रस्तावित है एवं इंदौर, उज्जैन और देवास के आसपास निवेश के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाना है। सीटीआरएल-एस द्वारा भोपाल में 300 करोड़ का निवेश एवं योट्टा ग्रुप द्वारा 100 करोड़ का निवेश इंदौर में प्रस्तावित है। एलटीआइ माइंडट्री द्वारा नए डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना इंदौर में जा रही है।
उद्योगपति बोले, जो उद्यमी सफल होना चाहते हैं, उन्हें मप्र में निवेश करना चाहिए
कार्यक्रम में ग्रेसिम इंडस्ट्रीज के एमडी एचके अग्रवाल ने कहा कि जो उद्यमी सफल होना चाहते हैं, उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश करना चाहिए। फियो (एफआइइओ) के द्वारा विदेशों में आयोजित किए जाने वाले रोड शो में मुख्यमंत्री से शामिल होने का अनुरोध किया गया। स्टार्टअप के साथ राउंड टेबल बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में भागीदारी के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के व्यापार-व्यवसाय को बढ़ाने की सरकार की नीति और नीयत साफ है। विकास व्यापार के मार्ग की हर बाधा को हटाया जाएगा।