
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। जबलपुर-भोपाल-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर के नियोजन, विकास और निगरानी के लिए सरकार ने विशेष प्रयोजन कंपनी (SPV) का उपाध्यक्ष पूर्व आइएएस अधिकारी शैलेश पाठक को नियुक्त किया है। वह वर्तमान में नेशनल स्टाक एक्सचेंज मुंबई के वरिष्ठ सलाहकार हैं।
कंपनी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। तीन साल में यह कारिडोर तैयार होगा। डेढ़ वर्ष में रूट तय होगा। इसमें चार स्थानों पर इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित की जाएगी। बता दें कि नईदुनिया ने शैलेश पाठक की नियुक्ति की संभावना 18 अक्टूबर को ही जता दी थी।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग ने पाठक की नियुक्ति तीन साल के लिए की है। आवश्यकता पर कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकेगा। पाठक को जो दायित्व दिया गया है उसमें अगले डेढ़ साल में कारिडोर के अंतर्गत आने वाले जिलों में औद्योगिक विकास के लिए उपयुक्त क्षेत्रों और रूट का चिह्नांकन करना होगा।
इसके लिए वह अपनी टीम बनाएंगे और उद्योगपतियों से संवाद भी करेंगे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कारिडोर के विकास की रूपरेखा तैयार होगी। एसपीवी का काम नियोजन तक सीमित रहेगा, जबकि सड़क निर्माण की जिम्मेदारी अलग अधिकृत एजेंसी को दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में 27% OBC आरक्षण पर बड़ा अपडेट, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का रास्ता खुला, 13 तकनीकी खामियां दूर
सरकार की योजना लगभग 600 किलोमीटर लंबे इस औद्योगिक कारिडोर (जबलपुर, भोपाल और इंदौर के साथ रायसेन, सीहोर, नरसिंहपुर और देवास जिले शामिल) में करीब 10 हजार एकड़ में औद्योगिक भूमि और टाउनशिप विकसित करने की है।
इसके माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किया जाएगा। विभाग ने भोपाल-इंदौर मार्ग पर आष्टा में 21 हजार एकड़ में औद्योगिक पार्क और भोपाल-जबलपुर मार्ग पर धर्मपुरा में मल्टी प्रोडक्ट इंडस्ट्रियल पार्क प्रस्तावित किया है।