
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाने में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। विवाद बढ़ता देख जहांगीराबाद थाना प्रभारी (TI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि बैरागढ़ कलां निवासी और 21 वर्षों से वकालत कर रहे वरिष्ठ एडवोकेट राकेश रावल के साथ मंगलवार रात जहांगीराबाद थाना परिसर में कथित तौर पर मारपीट की घटना सामने आई थी।
दरअसल मंगलवार रात खटलापुरा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैफिक में रुकावट के चलते एडवोकेट राकेश रावल और ट्रैफिक एसीपी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पुलिस बल वकील को जहांगीराबाद थाने ले आया, जहां थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों पर उनके साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे।
घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता जहांगीराबाद थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर कोर्ट में भिड़े दो वकील, कलेक्ट्रेट अग्निकांड के आरोपी जिला बदर अधिवक्ता पर मारपीट का केस
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ACP) शैलेंद्र सिंह ने पहले मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। हालांकि, वकीलों के लगातार बढ़ते आक्रोश और मामले की गंभीरता को देखते हुए जहांगीराबाद टीआई को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया गया है।