MP की पंचायतों में भी खरीदी और निर्माण कार्यों में गड़बड़ी; जीतू पटवारी ने CM से की जांच की मांग
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पंचायतों में सामग्री खरीदी, निर्माण कार्यों और वित्तीय भुगतानों में अनियमितता का आरोप लगाया।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 01:39:19 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 01:39:19 PM (IST)
पंचायतों में सामग्री खरीदी, निर्माण कार्यों और अन्य वित्तीय भुगतानों को लेकर शिकायत सामने आई हैं। फाइल फोटो।HighLights
- जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखा पत्र
- पंचायतों के कार्यों का विशेष ऑडिट कराने की मांग की
- निर्माण कार्यों और वित्तीय भुगतानों में अनियमितता का आरोप
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया , भोपाल । कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जिस तरह की अनियमितता नगरीय निकायों में विभिन्न सामग्री की खरीदी में सामने आई, वैसा ही पंचायतों में भी है। सामग्री खरीदी, निर्माण कार्यों और अन्य वित्तीय भुगतानों को लेकर शिकायत सामने आई हैं।
विशेष ऑडिट की मांग
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पत्र लिखकर विशेष ऑडिट करवाने की मांग की है। उन्होंने रविवार को लिखे पत्र में कहा कि गांव की सड़क, पेयजल, रोशनी, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के लिए आने वाली राशि में अनियमितता होती है तो यह व्यवस्था से जुड़ा बड़ा सवाल है।
साइकिल ठेले को ई-रिक्शा बताकर भुगतान
एक ही सामग्री की बाजार और सरकारी दर में अंतर और धुंधले बिलों का भुगतान बताता है कि निगरानी तंत्र इसमें भागीदार है। कहीं, साइकिल ठेले को ई-रिक्शा बताकर भुगतान कर दिया गया तो ही दान में मिली सामग्री का भुगतान करवा दिया। कई जगह तो सामग्री ही नहीं लगी और भुगतान हो गया इसलिए भुगतान की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।