
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को पत्र लिखकर यूजी नीट-2026 की एमबीबीएस काउंसलिंग में आवंटित सीट छोड़ने पर लगाई गई दो लाख रुपये की एग्जिट पेनाल्टी को तत्काल वापस लेने या स्थगित करने की मांग की है। उन्होंने काउंसलिंग के दौरान नियमों में बदलाव पर सवाल उठाए हैं।
पत्र में लिखा कि तीन सितंबर के राउंड-2 नोटिस में एग्जिट पेनाल्टी का प्रविधान रूल बुक के नियमों से भिन्न है। तीन अगस्त को जारी रूल बुक में राउंड-2 तक आवंटित सीट छोड़ने पर केवल प्रवेश शुल्क देय था। विद्यार्थियों ने इसी आधार पर काउंसलिंग में भाग लिया।
पटवारी ने कहा कि आल इंडिया एमसीसी की काउंसलिंग में राउंड-2 का सीट आवंटन 11 सितंबर को होना था, जबकि मध्य प्रदेश डीएमई ने फ्री एग्जिट की अंतिम तिथि तीन-चार सितंबर रखी। पटवारी ने कहा कि दो लाख रुपये की पेनाल्टी अन्य व्यवस्थाओं की तुलना में अत्यधिक है।
उन्होंने सरकार से एग्जिट पेनाल्टी वापस लेने के साथ रूल बुक के अनुसार शुल्क सीमित रखने, अतिरिक्त राशि लौटाने, उचित समय देना और भविष्य में नियमों में बदलाव न करने की भी मांग की है।