8 राज्यों में खौफ फैलाने वाला 10 हजारी 'काला ईरानी' भोपाल में गिरफ्तार; दर्ज हैं चोरी, लूट और डकैती के 41 मामले
भोपाल की निशातपुरा पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार काला ईरानी को उसके घर से गिरफ्तार किया।
Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 02:39:26 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Jul 2026 02:39:26 PM (IST)
काला ईरानी। सौ- पुलिसHighLights
- भोपाल की निशातपुरा पुलिस ने काला ईरानी गिरफ्तार किया
- 10 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार था आरोपी
- MP समेत 8 राज्यों में चोरी, लूट और डकैती के कुल 41 मामले दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। निशातपुरा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश काला ईरानी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मध्यप्रदेश समेत देश के 8 राज्यों में चोरी, लूट और डकैती के दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद उससे जुड़े मामलों की जानकारी संबंधित राज्यों की पुलिस को भी भेजी गई है।
दबिश देकर घर से पकड़ा
निशातपुरा थाना पुलिस के अनुसार आरोपी काला ईरानी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी था। सूचना मिली थी कि वह अपने घर पर छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने शनिवार रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसआई अशोक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ अब तक 41 आपराधिक प्रकरण सामने आए हैं। इनमें चोरी, लूट और डकैती के मामले सबसे अधिक हैं।
8 राज्यों में मामले दर्ज
उसके खिलाफ मध्यप्रदेश के अलावा उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में भी अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उससे अन्य वारदातों और उसके साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
साथ ही जिन राज्यों में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं, वहां की पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना भेज दी गई है।