नेमावर पहुंचेंगे कमल नाथ, आंदोलन की तैयारी
देवास जिले के नेमावर में हुई थी एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या, आज पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे कमल नाथ।
By Prashant Pandey
Edited By: Prashant Pandey
Publish Date: Mon, 05 Jul 2021 10:56:45 AM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Jul 2021 11:00:05 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया स्टेट ब्यूरो)। देवास जिले के नेमावर में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या करके शव खेत में गाड़ने सहित अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के खिलाफ हो रहे अत्याचार को कांग्रेस मुद्दा बनाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद सोमवार को दिल्ली से भोपाल होते हुए नेमावर जाएंगे। वहां वे पीड़ित परिवार के स्वजनों से मुलाकात करेंगे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव और विधायक जीतू पटवारी भी जाएंगे। पार्टी ने तय किया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर आंदोलन किया जाएगा। विधानसभा के मानसून सत्र में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (मीडिया) केके मिश्रा ने बताया महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। दिखावे के लिए चिह्नित करके कार्रवाईयां की जा रही हैं। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सलूजा के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि नेमावर में हुई घटना की जांच के लिए पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की अध्यक्षता में समिति बनाई है, जो घटना से संबंधित सभी तथ्यों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत कराएगी।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश : उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कानून व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को सजा दिलाई जाए।