_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। लगातार बढ़ती यात्री भीड़ और लंबी वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल-मदुरई स्पेशल ट्रेन (01925/01926) के अतिरिक्त चार-चार फेरे चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन भोपाल मंडल से होकर गुजरेगी, जिससे भोपाल, बीना और इटारसी के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
गाड़ी संख्या 01925 कानपुर सेंट्रल-मदुरई स्पेशल 5 अगस्त से 26 अगस्त तक प्रत्येक बुधवार कुल चार फेरे लगाएगी, जबकि 01926 मदुरई-कानपुर सेंट्रल स्पेशल 8 अगस्त से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार चार फेरे संचालित होगी। इस अतिरिक्त ट्रेन का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और वेटिंग लिस्ट का दबाव कम होगा।
अगस्त में त्योहारों, परीक्षाओं, नौकरी और इलाज के लिए बड़ी संख्या में लोग तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में अतिरिक्त फेरे यात्रियों को राहत देंगे। यह ट्रेन भोपाल, बीना, इटारसी, नागपुर, वारंगल, विजयवाड़ा, नेल्लोर, रेनिगुंटा, काटपडी, सालेम, करूर और डिंडीगुल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे मध्य प्रदेश के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- अगले 24 वर्षों में 60 प्रतिशत 'छोटा' हो जाएगा भोपाल का बड़ा तालाब! AI स्टडी में हुआ हैरान करने वाला खुलासा