
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार रोड पर सीआई चौराहे के पास बाइक सवार दो बदमाश पैदल टहल रहे युवक के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। अचानक हुई वारदात से युवक संभल भी नहीं पाया। पीड़ित की शिकायत पर कोलार पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अंकित श्रीवास्तव कोलार क्षेत्र में रहते हैं और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे वह घर से पैदल टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान सीआई चौराहे के पास दो युवक उनके नजदीक पहुंचे और गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से भाग निकले।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी और कोलार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। उनकी पहचान करने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।