
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार स्थित महाबली कालोनी में बुधवार को नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अमले ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मंजिला भवन के अवैध हिस्से को तोड़ना शुरू किया। निगम अधिकारी स्वीकृत नक्शा और बिल्डिंग परमिशन दस्तावेज लेकर मौके पर पहुंचे और जांच में पाया कि भवन स्वामी ने अनुमति से अधिक निर्माण कर रखा था। अधिकारियों के अनुसार पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल पर नियमों के विपरीत अतिरिक्त निर्माण किया गया था। इसके बाद निगम अमले ने अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। बताया गया कि निगम को लंबे समय से अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन तय समय में निर्माण नहीं हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान भवन स्वामी ने अधिकारियों से चर्चा कर अवैध हिस्सा स्वयं हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद निगम ने सीमित मोहलत दी। अतिक्रमण प्रभारी सृष्टि भदोरिया ने कहा कि तय समय में निर्माण नहीं हटाया गया तो दोबारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।