Ladli Behna Yojana: रक्षाबंधन से पहले लाड़ली बहनों को सौगात, शनिवार को खाते में जमा होंगे 1500 रुपए
रक्षाबंधन से पहले मप्र सरकार लाड़ली बहना योजना के तहत 1500 रुपये की राशि सिंगल क्लिक से लाभार्थियों के खातों में जमा करेगी। श्योपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
Publish Date: Fri, 09 Aug 2024 07:46:36 PM (IST)
Updated Date: Fri, 09 Aug 2024 10:50:26 PM (IST)
(फाइल फोटो)HighLights
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्योपुर में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- 23,011 पंचायतों में आभार सह उपहार कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- लाड़ली बहनों को 250 रुपये उपहार राशि के रूप में दिए जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। रक्षाबंधन से पहले शनिवार को लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपए सरकार सिंगल क्लिक से जमा करेगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम श्योपुर जिले के विजयपुर में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। सभी मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
250 रुपए की उपहार राशि भी मिलेगी
23 हजार 11 पंचायतों और सभी निकायों के वार्ड में आभार सह उपहार कार्यक्रम होंगे। लाड़ली बहना योजना की किस्त के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए सरकार की ओर से 250 रुपए की राशि उपहार के रूप में जोड़कर जारी की जा रही है।
सिंगल क्लिक से ट्रांसफर होगी राशि
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरित होंगी। इसके लिए पूरे प्रदेश में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। विजयपुर में मुख्यमंत्री लाभार्थी महिलाओं को आभार-पत्र और उपहार देने के साथ राखी बंधवाएगें।
कार्यक्रम सभी 23 हजार 11 ग्राम पंचायतों एवं 416 नगरीय निकायों (नगर निमग, नगर पालिका एवं नगर पंचायत) में कार्यक्रम होंगे। इसमें एक पेड़ मां के नाम अभियान में पौधरोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगें।