
डिजिटल डेस्क। दीपावली के बाद मध्य प्रदेश की करोड़ों लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा तोहफा देते हुए 13 नवंबर को योजना की 42वीं किस्त जारी कर दी है। शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की करीब 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 रुपये के मान से कुल 1831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।
42वीं किस्त की राशि खातों में पहुंचने के बाद अब प्रदेश की लाड़ली बहनों को योजना की अगली यानी 43वीं किस्त का इंतजार है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के नियमों और अब तक के पैटर्न के अनुसार, सरकार हर महीने की 10 से 15 तारीख के बीच पात्र महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर करती है। नवंबर महीने में 42वीं किस्त 13 तारीख को जारी की गई थी। ऐसे में पूरी संभावना है कि योजना की 43वीं किस्त आगामी दिसंबर महीने में 10 से 15 दिसंबर के बीच जारी की जा सकती है।
हालांकि, राज्य सरकार या महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 43वीं किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख की घोषणा कार्यक्रम से कुछ दिन पहले की जाएगी। यदि दिसंबर में कोई बड़ा शासकीय आयोजन या विशेष पर्व पड़ता है, तो सरकार तय तारीख से एक-दो दिन पहले भी राशि जारी कर सकती है।
जिन महिलाओं को यह देखना है कि उनके खाते में योजना की किस्त पहुंची है या नहीं, वे घर बैठे ऑनलाइन अपना भुगतान स्टेटस जांच सकती हैं...
(नोट: समय पर अगली किस्त का लाभ पाने के लिए पात्र महिलाएं यह सुनिश्चित कर लें कि उनका बैंक खाता आधार से लिंक और डीबीटी (DBT) सक्रिय हो।)