
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में जहरीली शराब के सेवन से मौत के मामले सामने आते रहे हैं। हर मामले में लोगों की जान जाने के बाद भी सबक नहीं लिया जाता, शायद इसीलिए ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति होती रहती है। इन प्रकरणों में आरोपितों को दंड मिलने या फिर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के मामलों का विश्लेषण किया जाए तो सामने आता है कि कुछ आरोपित बच निकलने में सफल हो जाते हैं लेकिन सबसे अच्छी स्थिति जिम्मेदार बड़े अधिकारियों की है।
पूर्व में सामने आ चुके अधिकतर मामलों में अधिकारियों का बाल भी बांका नहीं हुआ। वे निलंबित हुए या उनका तबादला हो गया और कुछ दिनों बाद किसी अन्य जगह उन्हें अच्छी पदस्थापना मिल गई और यह क्रम जारी रहता है। रविवार को सागर में जहरीली शराब के सेवन से लोगों की मौत का क्रम शुरू हुआ। यहां एसपी अनुराग सुजानिया हैं।
वर्ष 2021 में मुरैना के छैना मानपुर में जहरीली शराब के सेवन से 27 लोगों की मौत हो गई थी। उस समय मुरैना के एसपी यही अनुराग सुजानिया थे। समझा जा सकता है कि जिला बदल गया लेकिन अधिकारी सबक वहीं छोड़ आए।
जुलाई, 2021 में पिपलियामंडी थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हुई थी, जबकि 11 से अधिक लोग स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए थे। मामले में मंदसौर, इंदौर, आगर-मालवा और रतलाम के 21 आरोपितों पर प्रकरण दर्ज किया गया।
गृह विभाग के तत्कालीन अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआइटी ने जांच की थी। 21वें आरोपित को जून, 2024 में गिरफ्तार किया गया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
पिपलियामंडी के तत्कालीन थाना प्रभारी शिव कुमार यादव और एएसआइ रामलाल दरिंग को निलंबित किया गया था। शिव कुमार यादव अब शाजापुर जिले में पदस्थ हैं। जिला आबकारी अधिकारी सीपी सावले को हटा दिया गया था। उज्जैन में सेवाएं देने के बाद अब वह सेवानिवृत्त हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर और धार के 24 मंदिरों का बदलेगा स्वरूप, संभागायुक्त बोले- मूल धार्मिक स्वरूप से न हो कोई छेड़छाड़
मई, 2020 में रतलाम के नामली थाना क्षेत्र में जहरीली शराब से छह मौतों की पुष्टि पुलिस ने की थी। मामले में तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त जगदीश राठी को निलंबित किया गया। नामली थाना प्रभारी महेशकुमार दुबे भी निलंबित हुए, जबकि बीट प्रभारी एएसआइ अशोक दीक्षित को लाइन हाजिर किया गया।
महेशकुमार दुबे अब नागदा में पदस्थ हैं। अशोक दीक्षित को पदोन्नति मिली और अब वह सब इंस्पेक्टर बन गए हैं। रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाने में पदस्थ हैं।