Lok Adalat in Bhopal: लोक अदालत शिविरों में दो लाख प्रकरणों का हुआ निराकरण, नगर निगम ने वसूला 7.78 करोड़ का राजस्व
लोक अदालत शिविरों के माध्यम से कुल 13 करोड़ के करीब वसूली एवं अवार्ड किए गए पारित। समाधान आपके द्वार योजना के तहत आयोजित किए गए थे शिविर।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 25 Feb 2024 10:56:33 AM (IST)
Updated Date: Sun, 25 Feb 2024 10:56:33 AM (IST)
तहसील कार्यालय में आयोजित लोक अदालत शिविर। भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। जिले में समाधान आपके द्वार योजना के तहत शनिवार को लोक अदालत शिविरों का आयोजन किया गया। इनमें लगभग दो लाख दो हजार 642 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। बता दें कि प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष अमिताभ मिश्रा और सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण एसपीएस बुंदेला के मार्गदर्शन में इन शिविरों को लगाया गया था।
इन जगहों पर आयोजित हुए शिविर
जानकारी के अनुसार लोक अदालत शिविर जिला न्यायालय, राजस्व न्यायालयों, नगर निगम, विद्युत विभाग एवं पुलिस थानों में आयोजित हुए। इस दौरान आपसी समझौते के आधार पर दो लाख दो हजार 642 मामलों का निराकरण किया किया गया। जिनमें 13 करोड़ 66 लाख 42 हजार 247 रुपये की वसूली एवं अवार्ड पारित किए गए हैं। न्यायालयों के लंबित एवं प्रीलिटिगेशन 932 प्रकरणों का निराकरण किया गया। राजस्व विभाग के 19 हजार 188, नगर निगम के एक लाख पांच हजार 28 प्रकरण, बिजली के 22 हजार 329, यातायात नियमों के उल्लंघन संबंधी आठ हजार 18 प्रकरण, पुलिस विभाग के 46 हजार 347 प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
नगर निगम की भी हुई अच्छी वसूली
नगर निगम द्वारा लोक अदालत के चलते शनिवार को सात करोड़ 78 लाख की वसूली की है। इस दौरान सबसे अधिका वसूली जोन क्रमांक 13 में हुई ।जहां विभिन्न वार्डो में शाम सात बजे तक एक करोड़ 71 लाख से ज्यादा की वसूली हो पाई। इस दौरान जोन में सबसे ज्यादा 391 रसीदें भी काटी गई। दूसरे नंबर पर जोन क्रमांक चार रहा जहां 52 लाख से ज्यादा की वसूली हुई। इसी तरह तीसरे नंबर पर जोन क्रमांक 16 रहा जहां 50 लाख से ज्यादा की वसूली हुई। शनिवार को हुई इस वसूली के हिसाब से निगम ने जो आंकड़े जारी किए है उसके अनुसार सभी 21 जोन में शनिवार को लोक अदालत के दौरान चार हजार 335 रसीदें काटी गई है।