
Madhya Pradesh Lok Sabha Election 2024: सौरभ सोनी, भोपाल। मध्य प्रदेश में भले ही भाजपा ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 29 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी का परचम लहराया था, लेकिन लोकसभा चुनाव में विधानसभावार मिले वोटों की बात करें तो 230 विधानसभा सीटों में से 22 सीटें ऐसी थीं जहां पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा था। इन 22 सीटों पर भाजपा को लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की अपेक्षा कम वोट मिले थे। इनमें से 14 आदिवासी सीटें ऐसी रहीं जहां भाजपा को बहुत कम वोट मिले।
इनमें ग्वालियर की दो, मंडला की पांच, छिंदवाड़ा और रतलाम की तीन- तीन, भोपाल और धार की दो -दो, मुरैना, गुना, सीधी, शहडोल, बालाघाट लोकसभा क्षेत्र की एक-एक विधानसभा सीटें शामिल हैं। पार्टी इन सीटों को चिन्हित कर पूरी तैयारी से इस बार चुनावी मैदान में उतरी है। पार्टी लोकसभा चुनाव में विधानसभावार वोटों का आकलन तो कर ही रही है साथ ही बूथ वार भी वोट शेयर बढ़ाने पर फोकस कर रही है।
.jpg)
लोकसभा सीट-- विधानसभा सीट-- वोटों का अंतर
- मुरैना : सबलगढ़-- 16407
- ग्वालियर : भितरवार 3278, डबरा--18780
- गुना : पिछौर-- 15780
- सीधी : चुरहट-- 13044
- शहडोल (अजजा)-- पुष्पराजगढ़ (अजजा) 1700
- मंडला : बिछिया (अजजा) 23325, निवास (अजजा) 3744, शाहपुर (अजजा) 8995, डिंडौरी (अजजा) 18245, लखनादौन (अजजा) 1106
- बालाघाट -- बैहर (अजजा) 6273
- छिंदवाड़ा -- जुन्नारदेव (अजजा) 12068, अमरवाड़ा (अजजा) 22256, छिंदवाड़ा 15871
- भोपाल -- भोपाल उत्तर 24760, भोपाल मध्य 8734
- रतलाम-- जोबट (अजजा) 18013, झाबुआ (अजजा) 7600, सैलाना (अजजा) 2037
- धार-- गंधवानी (अजजा) 11216, कुक्षी (अजजा) 35351
भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं जहां भाजपा ने जीत दर्ज की है, उन सीटों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त वोट शेयर बढ़ाने पर विशेष फोकस है। पार्टी ने बूथ प्रभारी, पन्ना प्रमुख सहित ग्रामीण स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है। इस कार्य में विस्तारकों की भी मदद ली जा रही है।
भाजपा इस बार एक-एक वोटर को साधने का प्रयास कर रही है। इसके लिए भाजपा सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जा रहा है। पार्टी ने इसे लाभार्थी सेना नाम दिया है। पार्टी इन लाभार्थियों की मदद से लोकसभा चुनाव में बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर चल रही है। यही वजह है कि भाजपा ने बार 400 पार का नारा दिया है।
भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में पिछले लोकसभा चुनावों में 65 प्रतिशत बूथ पर विजयी हुई थी और 58 प्रतिशत मत ज़्यादा प्राप्त किए थे। कुछ विधानसभा क्षेत्र जो चूक गए थे वहां भाजपा की डबल इंजन की सरकार के लाभार्थियों से संपर्क, बूथ पर रहने वाले कार्यकर्ताओं के माध्यम से लगातार जनाधार बढ़ाने के सघन प्रयास और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि एवं विधायकों द्वारा समाधान भरे प्रयासों से उन हारे हुए बूथों पर कार्य चल रहा है। सब मिलाकर हर बूथ को अपग्रेड करने का प्रयास कर रहे हैं। सभी विधानसभाओं में विजय प्राप्त करें ऐसा सबका प्रयास है। - रजनीश अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश बूथ प्रबंधन प्रभारी