
भोपाल। बुधवार को पहले चरण में शामिल मध्य प्रदेश की छह लोकसभा सीटों के लिए नामांकन पत्र जमा करने का अंतिम दिन रहेगा। मध्य प्रदेश में पहले चरण में सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा लोकसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे।
नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को
अभी तक 16 अभ्यर्थियों द्वारा 21 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी। इसी दिन दूसरे चरण में शामिल सात सीटों (टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, नर्मदापुरम और बैतूल) के लिए अधिसूचना जारी होगी और नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।
सीधी और शहडोल से सर्वाधिक नामांकन
सीधी और शहडोल से सर्वाधिक सात-सात नामांकन भरे गए हैं। भाजपा की ओर से शहडोल से हिमाद्री सिंह और मंडला से फग्गन सिंह कुलस्ते भी नामांकन पत्र जमा कर चुके हैं। दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से शहडोल से फुंदेलाल सिंह ने आवेदन किया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि पहले चरण के लिए नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि बुधवार 27 मार्च है। नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को की जाएगी। नामांकन भर चुके अभ्यर्थी 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा।