व्यावसायिक परीक्षा मंडल का नाम बदलकर कर्मचारी चयन बोर्ड करेगी मध्य प्रदेश सरकार
व्यावसायिक परीक्षा मंडल अब तकनीकी शिक्षा विभाग की जगह सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन होगा
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Thu, 17 Feb 2022 04:55:24 PM (IST)
Updated Date: Thu, 17 Feb 2022 04:55:24 PM (IST)

भोपाल (राज्य ब्यूरो)। सरकारी नौकरी और मेडिकल कालेजों की प्रवेश परीक्षाओं में गड़बड़ियों के लिए बदनाम व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) का नाम सरकार बदलेगी। यह जल्द ही कर्मचारी चयन बोर्ड के नाम से जाना जाएगा। इसका प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग ने तैयार किया है, जिसे कैबिनेट के समक्ष अंतिम निर्णय के लिए रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व्यावसायिक परीक्षा मंडल का नाम बदलने की घोषणा काफी पहले कर चुके हैं। सरकारी नौकरियों में भर्ती और मेडिकल कालेजों की भर्ती में गड़बड़ी उजागर होने के बाद व्यावसायिक परीक्षा मंडल की जगह पत्राचार में प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड नाम का उपयोग किया जाने लगा था लेकिन शासन के कार्य आवंटन नियम में व्यावसायिक परीक्षा मंडल मध्य प्रदेश ही दर्ज है।
मंडल अभी तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत आता है। विभाग ने इसका प्रशासकीय नियंत्रण सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपे जाने का प्रस्ताव दिया है, जिस पर सैद्धांतिक सहमति भी हो चुकी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कार्य आवंटन नियम में संशोधन करके इसे सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत किया जाएगा। साथ ही व्यावसायिक परीक्षा मंडल का नाम बदलकर मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड किया जाएगा।