Madhya Pradesh Police: मध्य प्रदेश पुलिस के 'ई- विवेचना एप' को राष्ट्रीय डिजिटल इंडिया अवार्ड में प्रथम पुरस्कार
Madhya Pradesh Police:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों सात जनवरी 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में यह अवार्ड वितरित किया जाएगा।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 30 Dec 2022 04:39:49 PM (IST)
Updated Date: Fri, 30 Dec 2022 04:39:49 PM (IST)

Madhya Pradesh Police: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित डिजिटल इंडिया अवार्ड 2022 के लिए 'डिजिटल इनिशिएटिव एट ग्रासरूट लेवल' कैटेगरी में मध्य प्रदेश पुलिस को प्रथम पुरस्कार (प्लैटिनम) प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों सात जनवरी 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में यह अवार्ड मध्य प्रदेश राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के एडीजी चंचल शेखर और उनकी टीम लेंगे। एडीजी चंचल शेखर ने बताया कि सीसीटीएनएस के माध्यम से थानों का कार्य डिजिटल हुआ है।
स्मार्ट (सेंसिटिव, मोबाइल, अलर्ट, रिलायबल और टेक सेवी) पुलिसिंग की अवधारणा को लागू करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मैदानी स्तर पर पुलिसकर्मियों को डिजिटल टूल के रूप में ई- विवेचना एप विकसित कर उपलब्ध कराया गया है।
विवेचक टैबलेट की सहायता से मौके पर ही वास्तविक समय में विवेचना कर सकते हैं, जिससे पारदर्शिता एवं गुणवत्ता आई है। इस एप की मदद से विवेचक घटनास्थल का विवरण जैसे फोटो, वीडियो, गवाहों के बयान, घटनास्थल के वास्तविक निर्देशांक और केस डायरी की जानकारी सीधे सीसीटीएनएस में भर सकते हैं। अब तक इस एप के माध्यम से 24 हजार से अधिक मामलों में केस डायरियां जमा की जा चुकी हैं।