Madhya Pradesh Police: अगस्त में शुरू होगी 500 उप निरीक्षकों की भर्ती, नियमावली तैयार कर रहा मुख्यालय
Madhya Pradesh Police: चुनाव आचार संहिता लागू होने के पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Tue, 04 Jul 2023 05:51:57 PM (IST)
Updated Date: Tue, 04 Jul 2023 05:51:57 PM (IST)

Madhya Pradesh Police: भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में आरक्षकों के बाद पुलिस उप निरीक्षकों की भर्ती भी जल्द शुरू होगी। इसके लिए पुलिस मुख्यालय नियमावली तैयार कर रहा है। इसे इसी माह के अंत तक कर्मचारी चयन मंडल को भेजा जाएगा। मंडल द्वारा अगस्त में 500 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हो सकता है।
विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि शारीरिक दक्षता के मापदंड पहले की तरह ही रहेंगे। इतना जरूर है कि पहली बार शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंक जोड़कर प्रावीण्य सूची बनाई जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने इन पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव पिछले वर्ष राज्य कर्मचारी चयन मंडल को प्रस्ताव भेजा था, लेकिन मंडल के पास अन्य परीक्षाओं का दबाव होने के कारण लगभग आठ माह बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा आचार संहिता लागू होने के पहले कराने की तैयारी है लेकिन इसी बीच आरक्षकों की भर्ती के लिए भी शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इस कारण कोई एक परीक्षा आगे बढ़ानी पड़ सकती है। आचार संहिता लागू होने के पहले भर्ती नहीं हो पाई तो फिर अगले वर्ष फरवरी-मार्च तक ही भर्ती हो पाएगी।