
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। सड़क दुर्घटनाओं में 43 हजार 720 लोगों की मौत वर्ष 2022 में मध्य प्रदेश में हुई। यह महाराष्ट्र के बाद सर्वाधिक है। दुर्घटनाओं से देशभर में जान गंवाने वाले लोगों में सर्वाधिक 15.5 प्रतिशत महाराष्ट्र के हैं। इसके बाद 10.2 प्रतिशत मध्य प्रदेश के हैं। इसके बाद क्रमश: उत्तर प्रदेश (10 प्रतिशत) और कर्नाटक एवं तमिलनाडु (6.8 प्रतिशत) हैं।
प्राकृतिक आपदाओं के चलते प्रदेश में वर्ष 2022 में 914 लोगों की जान चली गई, इसमें 24 की मौत ठंड के कारण हुई। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली सर्वाधिक मौत के मामले में उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के बाद मध्य प्रदेश चौथे नंबर पर है। यह जानकारी नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में सामने आई है।

प्रदेश में वर्ष 2022 में 53 हजार 479 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 15 हजार 432 लोगों की मृत्य हो गई। इसमें दो हजार 186 महिलाएं थीं। चिंता की बात यह भी है कि प्रदेश में अधिकतर रेलवे फाटक बंद हो चुके हैं। इसके बाद भी रेलवे क्रासिंग पर उत्तर प्रदेश (1340) के बाद सर्वाधिक 239 घटनाएं मध्य प्रदेश में हुई हैं। इन घटनाओं में इतने ही लोगों की जान चली गई।