डिजिटल डेस्क, भोपाल Madhya Pradesh Temperature Today। मध्य प्रदेश के लोगों का मानसून का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। अगले दो से तीन दिन में ही मानसून प्रदेश के कुछ इलाकों में दस्तक दे देगा। मौसम विशेषज्ञों की माने तो प्रदेश में 18 जून से तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
इस बीच मौसम विभाग ने खंडवा, बड़वानी और आलीराजपुर जिले में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खरगौन, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां जिलों 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ ही बिजली गिरने की भी चेतावनी (Madhya Pradesh Weather Forecast Today) जारी की गई है।
इंदौर में आज जाएगा मौसम में बदलाव
इंदौर शहर में रविवार को पूर्वी-दक्षिण पूर्वी दिशा से हवा चली। इससे तापमान में गिरावट आई। फिर भी गर्मी महसूस हुई, उमस से लोग बेहाल होते रहे। बीते चौबीस घंटों में 3.4 डिग्री तापमान नीचे आया। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार पंद्रह किमी प्रतिघंटा रही। विशेषज्ञ के मुताबिक सोमवार से मौसम में बदलाव देखा जाएगा।
ग्वालियर अंचल में रविवार रात प्री-मानसून की दस्तक, अब जारी रहेगी बारिश
ग्वालियर अंचल में मौसम (Madhya Pradesh Weather News) का मिजाज शनिवार से बदला हुआ है और लोगों के भीषण गर्मी से राहत मिली है। रविवार सुबह हुई बारिश के बाद अंचल के तापमान में 5.4 डिसे की गिरावट तो आई, लेकिन धूप की वजह से वातावरण में उमस बढ़ गई। उमस भी सामान्य से 16 प्रतिशत ज्यादा थी। रविवार को दिन का तापमान 37.1 डिसे रहा और रात का तापमान भी 25.6 डिसे पर रहा।
वहीं देर रात प्री-मानसून की वर्षा ने दस्तक दे दी। मौसम विभाग ने बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। बता दें कि अंचल में 5.4 मिमी बारिश हुई, मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अंचल में कहीं-कहीं पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही सोमवार को तेज आंधी के साथ पानी आ सकता है। ऐसे में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
दो-तीन दिन में एमपी में दस्तक देगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मानसून दो-तीन दिन में मध्यप्रदेश में दस्तक दे देगा। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय प्रसार मध्य महाराष्ट्र क्षेत्र में सक्रिय है। साथ ही इससे एक ट्रफ पूर्वी मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होते हुए बांग्लादेश तक जा रही है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रवातीय प्रसार उत्तरी राजस्थान और निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है।
इससे एक ट्रफ उत्तरी राजस्थान और निकटवर्ती क्षेत्रों से पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर है। इन सभी सिस्टमों का असर अंचल में भी आ रहा है। जिसकी वजह से यहां तापमान भी कम हुआ और हल्की बारिश हुई। आगामी दो तीन दिन तक अंचल में इसी तरह का मौसम रहेगा। बीच-बीच में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश भी हो सकती है।