
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के 40वें स्थापना दिवस पर रविवार से मध्य प्रदेश में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान पूरी तरह से आनलाइन रहेगा। रविवार को ही महिला कांग्रेस संगठन की नई वेबसाइट लांच की जाएगी।
वेबसाइट से महिलाएं पांच साल तक के लिए सदस्य बन सकती हैं। यह बात अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की समन्वयक मप्र प्रभारी सुनीता गावंडे और मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर महिला कांग्रेस नेत्रियों द्वारा नारी न्याय और महिला सशक्तीकरण का संकल्प दोहराया जाएगा। यह महिला कांग्रेस की वचनबद्धता है।
महिला कांग्रेस के निर्देश पर प्रत्येक राज्य, केंद्र शासित प्रदेश सहित महिला कांग्रेस मुख्यालयों से लेकर सभी जिला एवं ब्लाक अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा 40वां स्थापना दिवस मनाएंगे। विभा पटेल ने बताया कि मात्र 100 रुपये की आनलाइन फीस जमा कराते ही हर महिला सदस्य को एक सदस्यता सर्टिफिकेट (रसीद) भी उसी समय आनलाइन प्राप्त होगी।
पटेल ने कहा कि संविधान का (106वां) संशोधन अधिनियम जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों के आरक्षण को 2029 के बाद ही लागू होंगे। इन प्रविधानों को हटाने और संशोधन अधिनियम को तुरंत लागू करने की मांग की जाएगी।
पटेल ने कहा कि महिला कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 और घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 जैसे महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए बनाए गए कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए।