
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। युवाओं के आयोजन में प्रस्तुति देने आए पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल के कार्यक्रम में बवाल हो गया। पुलिस ने एक बैरीकेड फांदकर घुसे एक युवक को बाल से पकड़कर बाहर निकाला तो युवा भड़क गए। इसके बाद पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। उनके ऊपर कुर्सियां उछाली गईं। पता चला कि मंगलवार को पुलिस परेड मैदान में सीएम यूथ कॉन्क्लेव आयोजित था।
इसमें पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और रॉक बैंड कबीर कैफे की प्रस्तुति होनी थी। प्रदेश भर के 20 हजार युवाओं को यहां आमंत्रित किया गया था। उसके अलावा भोपाल के स्थानीय छात्र-छात्राएं और दूसरे युवा भी गायक को सुनने के लिए बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए।
जुबिन का गाना शुरू हो गया था, इस बीच कुछ युवा प्रेस सेक्टर का बैरिकेड फांदकर अंदर घुसने लगे। यहां 30-40 छात्र एलईडी पर चढ़ गए थे। खतरा देखकर पुलिस उन्हें नीचे उतारने की कोशिश में लग गई।
जुबीन ने भी मंच से उन्हें हटने को कहा, पर वे नहीं माने। पुलिस ने एक युवक को पकड़ा और बाल पकड़कर खींचते हुए बाहर निकाला। इसपर युवा भड़क गए। उन्होंने धक्का मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने बल प्रयोग किया तो छात्रों ने कुर्सियां उठाकर फेंकनी शुरू कर दीं। जवाब में पुलिसकर्मियों ने भी कुर्सियां फेंकीं। करीब 10 मिनट तक दोनों ओर से हंगामा चलता रहा।
इससे जुबीन की प्रस्तुति में भी व्यवधान पड़ा। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान युवाओं ने पांडाल का पर्दा भी फाड़ दिया। करीब 25 मिनट तक समझाने के बाद उन्हें बलपूर्वक हटाया गया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार का कहना है कि इस मामले की जांच करवा रहे हैं। उसके निष्कर्षों के आधार पर विधिक कार्यवाही होगी।