
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में रातीबड़ थाना पुलिस ने नीलबड़ क्षेत्र में एक पान गुमठी संचालक के विरुद्ध स्मोकिंग रोल पेपर बेचने पर मामला दर्ज किया है। शासन द्वारा इस पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भोपाल में यह अपनी तरह की पहली दंडात्मक कार्रवाई है।
रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलबड़ स्थित एक पान गुमठी पर प्रतिबंधित स्मोकिंग रोल पेपर धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान गुमठी संचालक रवि कुमार के पास से स्मोकिंग रोल पेपर बरामद हुए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।
आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस मामले पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि स्मोकिंग रोल पेपर का उपयोग मुख्य रूप से मादक पदार्थों के सेवन के लिए किया जाता है, इसके अलावा इसका अन्य कोई वैकल्पिक उपयोग नहीं है। युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य को ध्यान में रखते हुए ही इसे प्रतिबंधित किया गया है।
कमिश्नर ने चेतावनी दी है कि शहर में पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार सक्रिय हैं और संदिग्ध दुकानों की निगरानी कर रही हैं। यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंधित सामग्री का भंडारण या विक्रय करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।