
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों सांची, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया गया है।
ये स्टेशन अब अपने नए, आधुनिक और भव्य स्वरूप में यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश के इन 13 पुनर्विकसित स्टेशनों का भव्य लोकार्पण किया।
अमृत भारत स्टेशन योजना के इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 20 राज्यों में फैले 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को जनता को समर्पित किया। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की कुल लागत से आधुनिक बनाए गए इन स्टेशनों में सुरक्षा, सुगमता और यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
'विरासत भी, विकास भी' की सोच के साथ तैयार किए गए इन स्टेशनों के नए स्वरूप में स्थानीय वास्तुकला, इतिहास और संस्कृति की झलक स्पष्ट दिखाई देती है। इस चरण में मध्य प्रदेश के 13 स्टेशन शामिल हैं, जिनमें पश्चिम मध्य रेलवे के छह स्टेशन भी आते हैं।
इस गौरवशाली अभियान के तहत प्रदेश के जिन 13 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण हुआ है, उनमें विदिशा, सांची, अशोकनगर, शिवपुरी के साथ-साथ ब्योहारी, भिंड, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, जुन्नारदेव, बालाघाट, छिंदवाड़ा और नैनपुर शामिल हैं। मध्य प्रदेश में इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लगभग 3,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से कुल 80 रेलवे स्टेशनों को नया लुक दिया जा रहा है, जिसमें से 13 और स्टेशनों का काम पूरा कर इन्हें आज देश को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें- रेलकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी... पेंशन में जुड़कर मिलेगा एक और सालाना इंक्रीमेंट, रेलवे जारी किया सख्त आदेश
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों का यह कायाकल्प सिर्फ बुनियादी ढांचे को सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी। सांची, विदिशा, अशोकनगर और शिवपुरी जैसे ऐतिहासिक शहर जब आधुनिक रेलवे नेटवर्क और सुविधाओं से जुड़ेंगे, तो इससे स्थानीय रोजगार, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जो अंततः मध्य प्रदेश की आर्थिक उन्नति में बड़ा योगदान देगा।