
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य लघु वनोपज संघ की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पहले तो सभी पदों की भर्ती में आरक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया और अब जिन आवेदकों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, उनका इंटरव्यू लेने से मना कर दिया है। इनमें मप्र के अलावा अन्य राज्यों के भी आवेदक इंटरव्यू देने आए। आवेदकों को इंटरव्यू की अगली तारीख भी नहीं बताई गई है।
दरअसल, मप्र राज्य लघु वनोपज संघ ने वैज्ञानिक रसायन के दो पदों के लिए आवेदन बुलाए थे। इसके अलावा लैब सहायक, रसायन, माइक्रोबायोलाजी और बाटनी के एक-एक पद थे। इन पदों के लिए पहली बार नौ दिसंबर 2025 को आवेदन बुलाए गए। इसके बाद 29 जून 2026 को दोबारा आवेदन आमंत्रित किए गए।
इसी तरह मार्केटिंग असिस्टेंट और मार्केटिंग को-आर्डिनेटर के एक-एक पद के लिए भी आवेदन मांगे गए। लेकिन उक्त सभी पदों की भर्ती में आरक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। जबकि संविदा पदों पर भर्ती में आरक्षण प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है।
इसे लेकर सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने 28 सितंबर 2017 को एक अधिसूचना भी जारी की। जीएडी समय-समय पर परिपत्र जारी कर विभागों को भर्ती में आरक्षण प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश देते रहा है। बावजूद इसके लघु वनोपज संघ में भर्ती मनमाने तरीके से की जा रही है।
यह भी पढ़ें- शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने की मांग तेज, अभ्यर्थी ने कहा- मुझे कुछ हुआ तो मंत्री होंगे जिम्मेदार
इतना ही नहीं संघ में रसायन विषय के वैज्ञानिक व लैब सहायक पद के लिए बनी समिति में एक आयुर्वेद चिकित्सक को शामिल किया गया है। जिनका रसायन शास्त्र से दूर-दूर तक नाता नहीं। यही स्थिति माइक्रोबायोलाजी व बाटनी विषय से जुड़े पदों की है।
संघ में अलग-अलग पदों पर भर्ती प्रक्रिया का एक राउंड तो हुआ है, कैमिस्ट्री के पदों के लिए बनी चयन समिति ने दो पद के लिए प्रक्रिया निरस्त की है। जल्द ही विसंगतियां दूर कर भर्ती प्रक्रिया पूरी करेंगे। कमलिका मोहंता, एमडी, मप्र राज्य लघुवनोपज संघ।