
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आरोपित केयरटेकर वरुण कुमार का अप्रैल 2025 में जारी कैरेक्टर सर्टिफिकेट सामने आया है। यह प्रमाणपत्र एसपी पटियाला कार्यालय से जारी किया गया था, जिसकी वैधता छह महीने थी। नौकरी के लिए बनवाए गए इस सर्टिफिकेट में वरुण को नैतिक चरित्र का अच्छा और अपराधमुक्त व्यक्ति बताया गया था।
हालांकि, प्रमाणपत्र की वैधता खत्म हुए करीब एक साल हो चुका था। भोपाल पुलिस ने भी आरोपित का कोई आपराधिक रिकॉर्ड मिलने से इनकार किया है। पुलिस आधारकार्ड और पेनकार्ड समेत अन्य सभी दस्तावेजों की जांच भी कर रही है।
वरुण कुमार मूलत: उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पटियाला में आधार कार्ड समेत उसके अन्य जरूरी दस्तावेज जिस पते पर बनाए गए थे, वह उसकी बड़ी बहन का निकला। पुलिस उसके पिता गब्बर कुमार और सौतेली मां से पूछताछ कर सकती है। जांच में सामने आया है कि वरुण लंबे समय से घर नहीं आया था और अलग-अलग शहरों में रहकर काम करता था। उसकी मां की काफी पहले मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में रिटायर्ड IAS मर्डर केस में बड़ा खुलासा, गैस सिलिंडर खोलकर आग लगाने की कोशिश... 2KM पैदल भागा केयरटेकर
इसके बाद पिता ने दूसरी शादी की थी। बताया गया है कि उनकी तीसरी पत्नी एक रिश्तेदार की पूर्व पत्नी है। उधर, पटियाला के नाभा के डीएसपी गुरिंदर सिंह बल ने बताया कि भोपाल पुलिस ने उनसे संपर्क किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वरुण मूलत: उत्तर प्रदेश का निवासी है और नाभा में रहने वाली अपनी बहन के पास रहता था। उसके पूरे विवरण की जांच की जा रही है।