
भोपाल । माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय(एमसीयू) के 19 प्रोफेसरों व एक पूर्व कुलपति के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले को लेकर राज्यसभा सदस्य एवं संघ विचारक राकेश सिन्हा ने कमलनाथ सरकार पर हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार ने नए कुलपति दीपक तिवारी की नियुक्ति गलत तरीके से की है, उनकी नियुक्ति के लिए तय प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। कुलपति की नियुक्ति से पहले महापरिषद की बैठक बुलाई जाती है, उसमें अनुमोदन लेने के बाद निर्णय लिया जाता है। लेकिन कमलनाथ सरकार ने ऐसा कुछ नहीं किया। गौरतलब है कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि में गड़बड़ियों को लेकर राकेश सिन्हा पर भी आरोप लगे हैं कि उन्हें बिना पढ़ाए विवि से लाखों का भुगतान हो गया।
अकेडमिशियन्स फॉर फ्रीडम के बैनर तले हुई पत्रकार वार्ता में सिन्हा ने कहा कि जांच कमेटी एक पक्षीय कार्यवाही कर रही है, जिन्हें आरोपित बनाया गया है उनका पक्ष भी नहीं सुना गया।
कमलनाथ के सात विधायक मेरे संपर्क में हैं, वे कार्रवाई से नाखुश
राकेश सिन्हा ने कहा कि कमलनाथ सरकार के सात विधायक विद्रोह पर उतर आए हैं। ये सातों विधायक विवि के खिलाफ कार्रवाई से नाखुश हैं। कांग्रेस के तीन और विधायक मुझसे मिलने वाले हैं। यह लड़खड़ाती हुई सरकार कभी भी गिर सकती है।
राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
राकेश सिन्हा ने कहा कि विवि को लेकर उपराष्ट्रपति को ज्ञापन सौंप चुके हैं। अगर विवि के प्रोफेसरों पर से एफआईआर वापस नहीं हुई तो पूरे देश के शैक्षणिक संस्थाओं के साथ आंदोलन करेंगे। इस मामले को लेकर उन्होंने प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एमसीयू के शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने और जीरो ईयर घोषित करने को असंवैधानिक बताया।
वहीं पूर्व कुलपति बीके कुठियाला के कार्यकाल में शराब के बिल पास होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो भी शराब के बिल पब्लिकली किए गए हैं। उनकी जांच होनी चाहिए। राकेश सिन्हा ने एमसीयू के नोएडा सेंटर पर एक भी कक्षा नहीं लेने और विवि से 5 लाख स्र्पए लेने के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि मुझे विवि ने प्रतिनियुक्ति पर बुलाया गया था और अभी उसका भुगतान भी नहीं किया गया है।
एनएसयूआई ने सिन्हा पर कुठियाला के उपकार को चुकाने का लगाया आरोप
भोपाल के एनएसयूआई प्रभारी और प्रदेश प्रवक्ता सुहृदय तिवारी ने राकेश सिन्हा पर खुद को बचाने और विवि के पूर्व कुलपति कुठियाला के उपकार को चुकाने का आरोप लगाया है। तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सिन्हा को कुठियाला ने एमसीयू के नोएडा कैंपस में विवि के नियमों को ताक पर रखकर नियुक्त किया था, जबकि नियमानुसार महापरिषद या प्रबंध समिति से अनुमोदन के बाद ही कुलपति अपने विशेषाधिकार से ऐसी नियुक्ति कर सकता है, लेकिन कुठियाला को राकेश सिन्हा को उपकृत करने की इतनी जल्दी थी कि उन्होंने विवि के नियमों को ताक पर रखकर पहले नियुक्ति दे दी।