
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए 97 हजार आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। पोषण आहार पर हर वर्ष करीब 1400 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। इसके बावजूद बच्चों में कुपोषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हालत यह है कि हर साल 80 हजार से एक लाख बच्चों को अति गंभीर कुपोषण की स्थिति में अस्पतालों के पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती करवाना पड़ रहा है।
वर्ष 2025-26 में 80 हजार बच्चों को भर्ती कराया गया था, जबकि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर तक छह महीने में ही 47 हजार बच्चे पोषण पुनर्वास केंद्रों तक पहुंच चुके हैं।
पोषण ट्रैकर के इस वर्ष अक्टूबर के आंकड़े भी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इसमें प्रदेश में छह वर्ष तक के 51 लाख बच्चों की लंबाई और वजन मापा गया। इनमें 20.78 लाख बच्चे ठिगनापन और 11.88 लाख बच्चे कम वजन के मिले। वहीं, 3.55 लाख बच्चे दुबलेपन के शिकार पाए गए। इसमें कुछ ऐसे भी हो सकते हैं जो दो या तीन श्रेणियों में हों।
इसी वर्ष मई में आई राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस)-6 की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में पांच वर्ष तक के बच्चों में 39.7 प्रतिशत कम वजन, 31.4 प्रतिशत ठिगनापन, 23.8 प्रतिशत दुबलापन (लंबाई के अनुसार कम वजन) और 6.8 प्रतिशत गंभीर दुबलापन के शिकार मिले हैं। विभाग द्वारा जिलों से वर्ष 2025 में अति गंभीर कुपोषित की श्रेणी में आए छह वर्ष तक के बच्चों की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि कुल 7.37 लाख बच्चों में से 3.63 लाख को उस वर्ष कुपोषित की श्रेणी से बाहर नहीं लाया जा सका।
| मानक / श्रेणी | प्रभावित बच्चों की संख्या / प्रतिशत | स्रोत / अवधि |
| ठिगनापन (स्टंटिंग) | 20.78 लाख बच्चे (31.4%) | पोषण ट्रैकर (अक्टूबर) / एनएफएचएस-6 |
| कम वजन (अंडरवेट) | 11.88 लाख बच्चे (39.7%) | पोषण ट्रैकर (अक्टूबर) / एनएफएचएस-6 |
| दुबलापन (वेस्टिंग) | 3.55 लाख बच्चे (23.8%) | पोषण ट्रैकर (अक्टूबर) / एनएफएचएस-6 |
| एनआरसी में भर्ती बच्चे | 47 हजार बच्चे | अप्रैल से सितंबर 2026 (6 माह में) |
यह सही है कि बच्चे अचानक अति गंभीर कुपोषित की श्रेणी में नहीं पहुंचते हैं। ऐसे में इस बात पर विशेष जोर दे रहे हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों के स्तर पर बच्चों को चिह्नित करने का काम और प्रभावी तरीके से किया जाए। हालांकि अच्छी बात है कि लगभग 60 हजार आंगनबाड़ी केंद्र प्रदेश में ऐसे हैं जहां एक भी अति गंभीर कुपोषित बच्चा नहीं है। - निर्मला भूरिया, मंत्री, महिला एवं बाल विकास, मध्य प्रदेश