MP New Governor। भोपाल (नईदुनिया स्टेट ब्यूरो)। गुजरात के वरिष्ठ भाजपा नेता मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के पास मध्य प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार था। उधर, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक के राज्यपाल के तौर पर नई जिम्मेदारी दी गई है। मंगूभाई और थावरचंद के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है।इनके पहले आनंदीबेन पटेल उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद पर थीं।
मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर मंगूभाई पटेल ने कहा कि मैं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभारी हूं। नरेंद्र मोदी के हम पहले से साथी थे, उन्होंने हमें जो रास्ता दिखाया उस पर हम चलते रहे और समाज सेवा करते रहे और आगे भी चलते रहेंगे। मालूम हो, पटेल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करीबी माना जाता है।
गुजरात में भाजपा को मजबूत करने में निभाई बड़ी भूमिका
मंगूभाई पटेल गुजरात के नवसारी विधानसभा सीट से पांच बार और एक बार नजदीकी गढ़देवी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्रित्व काल में वन एवं पर्यावरण मंत्री भी रहे हैं। उन्हें दक्षिण गुजरात के प्रमुख आदिवासी नेता के तौर पर जाना जाता है। वे 2014 में गुजरात विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। 2013 में उन्हें गुजरात विधानसभा का डिप्टी स्पीकर भी बनाया गया था।
गुजरात में भाजपा में मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब पटेल उनकी कैबिनेट में आदिवासी कल्याण और वन एवं पर्यावरण मंत्रालय संभाल चुके हैं। मंगूभाई का जन्म एक जून 1944 को गुजरात के नवसारी में हुआ था। उन्होंने नौवीं तक शिक्षा प्राप्त की है। उनकी तीन बेटियां हैं। वे जनसंघ के समय से ही राजनीति से जुड़े रहे हैं।
सीएम शिवराज ने ट्वीट कर दी बधाई
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा, माननीय मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त होने पर आत्मीय बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके अपार राजनीतिक अनुभव का लाभ प्रदेश को मिलेगा और राज्य उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ेगा। प्रदेश की जनता की ओर से आपका स्वागत, अभिनंदन करता हूं। सीएम शिवराज ने थावरचंद गहलोत को भी कर्नाटक का राज्यपाल बनने पर ट्वीट कर बधाई दी। सीएम ने लिखा मध्य प्रदेश के सपूत, माननीय थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त होने पर बहुत-बहुत बधाई। मुझे विश्वास है कि आपके कुशल मार्गदर्शन में राज्य में संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत आधार मिलेगा तथा कर्नाटक नई ऊंचाइयों को स्पर्श करेगा।
I express my gratitude towards the President for appointing me as the Governor. I would also like to thank the Prime Minister, Amit Shah ji and JP Nadda ji: Mangubhai Chhaganbhai Patel, Madhya Pradesh Governor designate pic.twitter.com/8HHetgYLG7
— ANI (@ANI) July 6, 2021